स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण, हर विधानसभा में 10 स्वास्थ्य शिविर लगाने के दिए निर्देश

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण, हर विधानसभा में 10 स्वास्थ्य शिविर लगाने के दिए निर्देश

स्थान : हरिद्वार/उत्तराखंड
संवाददाता :- मनोज कश्यप

उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को हरिद्वार भ्रमण के दौरान जगजीतपुर स्थित मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में चल रहे “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने के लिए कई निर्देश जारी किए।

स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक लोगों तक निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएं। इसके लिए उन्होंने जनपद की हर विधानसभा क्षेत्र में 10-10 स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिए।

डॉ. रावत ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के माध्यम से पांच और निजी अस्पतालों के सहयोग से तीन-तीन स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि इन शिविरों के माध्यम से न केवल चिकित्सा सेवाएं दी जाएं, बल्कि रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों के लिए भी लोगों को प्रेरित किया जाए।

स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ी घोषणा करते हुए मंत्री ने बताया कि प्रदेश में जल्द ही 280 डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी, जिससे सरकारी अस्पतालों की कार्यक्षमता और सेवा स्तर में सुधार होगा।

मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा:

“हमारा लक्ष्य है कि हर नागरिक को समय पर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिलें। ‘स्वस्थ नारी’ ही सशक्त परिवार और समृद्ध समाज की नींव है।”

निरीक्षण के दौरान कॉलेज प्रशासन ने मंत्री को चिकित्सा सुविधाओं, स्टाफ की स्थिति और वर्तमान में संचालित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। मंत्री ने समर्पित कार्य के लिए कर्मचारियों की सराहना की और स्वास्थ्य विभाग को जनता के प्रति और संवेदनशील बनने का आह्वान किया।