थराली पहुंचीं कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा, आपदा प्रभावितों को बांटी राहत किट

थराली पहुंचीं कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा, आपदा प्रभावितों को बांटी राहत किट

स्थान : थराली
रिपोर्टर : मोहन गिरी

उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता और संगठन सृजन की चमोली प्रभारी आराधना मिश्रा गुरुवार को थराली के केदारबगड़ क्षेत्र पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित 157 परिवारों को आपदा राहत किट वितरित की और पीड़ितों से मिलकर उनका हालचाल जाना।

आराधना मिश्रा ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तराखंड में आई भीषण आपदा के बाद राहत और बचाव कार्य प्रभावी ढंग से नहीं हो पाए हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ गांवों में सड़कें, पैदल रास्ते और पुल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, और खाद्यान्न संकट दिन-प्रतिदिन गहराता जा रहा है।

उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा उत्तराखंड को महज ₹1200 करोड़ की राहत राशि देने पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह धनराशि इस भीषण आपदा में हुए नुकसान की भरपाई और आपदा प्रभावितों के पुनर्वास व विस्थापन के लिए नाकाफी है।

आराधना मिश्रा ने कहा,

“उत्तराखंड के लिए केंद्र सरकार को कम से कम ₹10,000 करोड़ का विशेष राहत पैकेज जारी करना चाहिए, ताकि राज्य को इस आपदा से उबरने में मदद मिल सके।”

उन्होंने राज्य सरकार पर भी आपदा के समय प्रशासनिक संवेदनशीलता और तत्परता में कमी का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस पार्टी हर प्रभावित व्यक्ति के साथ खड़ी है और उनकी आवाज को सदन से लेकर सड़क तक उठाती रहेगी।