

लोकेशन – रूड़की
संवाद्दाता – प्रिंस शर्मा


रुड़की तहसील क्षेत्र से उत्तराखंड के विकास को नई दिशा देने वाली एक बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्य का अब तक का सबसे बड़ा औद्योगिक स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट यहां बनने जा रहा है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना उत्तराखंड औद्योगिक पार्क स्थापना नीति 2023 के तहत विकसित की जा रही है, जिसके लिए रुड़की बाईपास रोड पर लगभग 1831 एकड़ भूमि चिह्नित की गई है।


सबसे अहम योगदान ग्राम पंचायत मिर्जापुर मुस्तफाबाद का रहा है, जहां के ग्रामीणों ने खुद आगे बढ़कर बाढ़ग्रस्त जमीन को इस परियोजना के लिए समर्पित कर विकास की नई मिसाल पेश की है। ग्राम प्रधान के बाद अब पूर्व प्रधान मोहम्मद इश्त्याक और ग्रामीणों ने एकजुट होकर इस कार्य में अपना समर्थन दिया है।


पूर्व प्रधान मोहम्मद इश्त्याक ने विशेष बैठक आयोजित कर इस परियोजना में 50 बीघा भूमि इंडस्ट्रियल पार्क को सौंपने का ऐलान किया। उन्होंने अपना समर्थन महाप्रबंधक पंकज शांडिल्य को लिखित समझौता पत्र सौंप कर दर्ज कराया।
उन्होंने कहा,


“हमने लोहे के दाम पर सोना खरीदा है। यह निर्णय न केवल वर्तमान पीढ़ी बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी समृद्धि और अवसरों का रास्ता खोलेगा।“
उन्होंने यह भी कहा कि यह क्षेत्र सिडकुल हरिद्वार से भी अधिक विकसित और समृद्ध होगा।

परियोजना के महाप्रबंधक पंकज शांडिल्य ने बताया कि भूमि अधिग्रहण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि,

“यह स्मार्ट सिटी और फूड पार्क प्रोजेक्ट हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेगा और बाढ़ग्रस्त भूमि का सार्थक उपयोग होगा।“


ग्रामीणों की सहभागिता और दूरदर्शी सोच ने यह साबित कर दिया है कि जब जनता और प्रशासन मिलकर आगे बढ़ते हैं, तो विकास के नए आयाम स्थापित होते हैं। अब सभी की निगाहें इस परियोजना की शुरुआत और इससे जुड़े रोजगार, आर्थिक प्रगति और क्षेत्रीय विकास पर टिकी हैं।


