

स्थान…. हल्द्वानी
रिपोर्ट…ऋषि कपूर

कजाखिस्तान और जापान से भी खिलाड़ी करेंगे प्रतिभाग, अक्टूबर में होगा ITF सीनियर्स टूर्नामेंट

उत्तराखंड के नैनीताल जिले स्थित ग्राम धर्मपुर चुनाखन की ऑप्टिमम टेनिस एकेडमी इस महीने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय टेनिस गतिविधियों का गवाह बनने जा रही है। यहां 13 से 19 सितंबर तक एशियन टेनिस फेडरेशन (ATF) के तत्वावधान में अंडर-14 बॉयज और गर्ल्स टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है।



इसके बाद, 4 से 10 अक्टूबर तक इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन (ITF) द्वारा सीनियर्स एमटी-200 टूर्नामेंट का आयोजन भी इसी एकेडमी में होगा।

स्व. बी.एस. रावत की स्मृति में आयोजित होता है टूर्नामेंट
टूर्नामेंट सचिव डी.एस. रावत ने जानकारी दी कि यह आयोजन स्वर्गीय बी.एस. रावत की पुण्य स्मृति में हर वर्ष आयोजित किया जाता है। इस बार के टूर्नामेंट में कुल 161 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें कजाखिस्तान और जापान जैसे देशों से भी खिलाड़ी शामिल हैं।


मुंबई से आएगी पेशेवर अंपायर टीम
टूर्नामेंट की निष्पक्षता और अंतरराष्ट्रीय मानकों को सुनिश्चित करने के लिए मुंबई से 5 सदस्यीय एम्पायर टीम को बुलाया गया है, जो मैच संचालन की जिम्मेदारी संभालेगी।
ITF सीनियर्स टूर्नामेंट में 90 से अधिक खिलाड़ियों की प्रविष्टि
अक्टूबर में होने वाले आईटीएफ सीनियर्स एमटी200 टूर्नामेंट में 30 से 75 वर्ष की आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे। अब तक इस टूर्नामेंट में 90 से अधिक खिलाड़ियों ने अपनी प्रविष्टि भेज दी है।



उत्तराखंड को खेल पर्यटन में मिलेगा बढ़ावा
डी.एस. रावत ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन उत्तराखंड और पूरे उत्तर भारत में खेल संस्कृति, प्रतिभा और प्रतिष्ठा को बढ़ावा देते हैं। साथ ही, इससे क्षेत्र को खेल पर्यटन के रूप में विकसित करने में भी मदद मिलेगी।



