


लोकेसन : बाजपुर
रिपोर्ट : अकरम चौधरी


उत्तराखंड में मौसम फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के चार जिलों – देहरादून, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही 28 और 29 अगस्त के लिए तेज बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।



मौसम विभाग के अनुसार, पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। विभाग ने जनता से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां भूस्खलन, सड़क अवरोध और जलभराव जैसी समस्याएं पहले सामने आ चुकी हैं।


संभावित असर:


- अगले 24 घंटों के दौरान तेज़ वर्षा की गतिविधियों में वृद्धि हो सकती है।
- नदी-नालों और नहरों के किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।
- प्रशासन को सतर्कता बढ़ाने और किसी भी आपात स्थिति के लिए राहत एवं बचाव टीमें तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।


राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे बिना आवश्यकता के यात्रा से बचें, और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।




