पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने डीजीपी को लिखी चिट्ठी, राज्य में बढ़ते ठगी के मामलों पर जताई गहरी चिंता

पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने डीजीपी को लिखी चिट्ठी, राज्य में बढ़ते ठगी के मामलों पर जताई गहरी चिंता

स्थान : देहरादून

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार से सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रदेश में बढ़ रहे ठगी और धोखाधड़ी के मामलों को लेकर राज्य पुलिस प्रमुख (डीजीपी) को एक गंभीर पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हुए करीब 50 करोड़ रुपये की ठगी के मामलों में पुलिस की निष्क्रियता और लापरवाही पर सवाल खड़े किए हैं।

रावत ने अपने पत्र में कहा है कि उत्तराखंड को हमेशा से ईमानदारी और पारदर्शिता के लिए जाना जाता है, लेकिन हाल के दिनों में ठगी की घटनाओं में जिस तरह से बढ़ोतरी हुई है, वह राज्य की छवि को नुकसान पहुंचा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जुलाई माह में कई पीड़ित उनके पास आए थे, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को मामले की गंभीरता से जांच करने का अनुरोध किया था।

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि इन घटनाओं को प्रशासन और पुलिस द्वारा हल्के में लिया जा रहा है, जिससे समाज में निराशा और अविश्वास का माहौल बन रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो यह रुझान आने वाले समय में और खतरनाक रूप ले सकता है।

त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने पत्र में तीरथ सिंह रावत के भांजे से जुड़े एक ठगी मामले का हवाला भी दिया और कहा कि यह गहन जांच का विषय है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी अपील की है कि ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाए और दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, उन्होंने मांग की है कि जिन पुलिस अधिकारियों ने मामले में लापरवाही बरती है, उनके खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएं ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके और जनता का प्रशासन पर भरोसा कायम रह सके।

प्रशासनिक हलकों में हलचल
पूर्व मुख्यमंत्री के इस पत्र के सामने आने के बाद राज्य की प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। अब देखना होगा कि सरकार और पुलिस विभाग इस पर क्या कदम उठाते हैं।