थराली आपदा के बीच अस्पताल में दुर्व्यवहार, नगर पंचायत अध्यक्ष ने दी चेतावनी

थराली आपदा के बीच अस्पताल में दुर्व्यवहार, नगर पंचायत अध्यक्ष ने दी चेतावनी

रिपोर्टर : नवीन चन्दोला
स्थान : थराली/ चमोली

एक ओर थराली भीषण आपदा से जूझ रहा है, वहीं दूसरी ओर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थराली में डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों का मरीजों के साथ दुर्व्यवहार सामने आया है।

शनिवार सुबह इलाज के लिए अस्पताल पहुँची मरीज गौरी देवी को ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने बाहर जाने को कह दिया और कहा कि “यहाँ आपदा आई है, इलाज नहीं होगा, हम परेशान हैं।”

मामला बढ़ा तो नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत खुद अस्पताल पहुँचीं। उन्होंने जब डॉक्टर अमित टम्टा से जानकारी लेनी चाही तो डॉक्टर और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया और कहा कि “आप कौन हैं, बाहर जाइए।”

यही नहीं, फार्मासिस्ट ने मरीज से तंज कसते हुए कहा कि “मरीज कभी गजरा पहनकर और सज-धज कर आता है क्या?”

इस बीच जब पत्रकार नवीन चन्दोला ने पूरे मामले का वीडियो बनाने की कोशिश की तो स्टाफ नर्स ने उनका फोन छीनने की कोशिश की और उनसे चैनल का नाम तथा डिग्री दिखाने तक की मांग कर डाली।

इस पूरे घटनाक्रम से आक्रोशित नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत ने चेतावनी दी है कि यदि दोषी डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की गई तो उग्र आंदोलन और धरना प्रदर्शन किया जाएगा।