

स्थान : थराली
रिपोर्टर : मोहन गिरी


शुक्रवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश ने थराली क्षेत्र में तबाही मचा दी। अलग-अलग हिस्सों में भूस्खलन और मलबा आने से सड़कों पर यातायात ठप हो गया। विद्युत और पेयजल आपूर्ति भी अधिकांश इलाकों में बाधित है।



भारी बारिश से दुकानों और मकानों में मलबा घुस गया, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। कई वाहन मलबे की चपेट में आ गए। चेपडो बाजार में टुनरी नाले पर बादल फटने से कई दुकानें ध्वस्त हो गईं और सड़क पर बड़े-बड़े बोल्डर व मलबा भर जाने से बाजार पूरी तरह तबाह हो गया।



आपदा में पूर्व जिला पंचायत सदस्य देवी जोशी के पिता गंगा दत्त जोशी लापता बताए जा रहे हैं। वहीं सगवाड़ा गांव में 20 वर्षीय कविता बिष्ट की मलबे में दबने से मौत हो गई।



शनिवार तड़के से ही जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, पुलिस अधीक्षक समेत राहत-बचाव टीमें मौके पर जुट गईं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें कुलसारी से लेकर चेपडो तक राहत कार्यों में लगी हुई हैं।


घटना की सूचना मिलते ही थराली विधायक मौके पर पहुंचे और आपदा प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार स्थानीय जनप्रतिनिधियों से संपर्क में हैं और पल-पल की अपडेट ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री रविवार को थराली पहुंचकर आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे और राहत व पुनर्वास कार्यों की समीक्षा भी करेंगे।



