

रिपोर्ट : भगवान सिंह
स्थान : पौड़ी


अतिवृष्टि के कारण आपदा प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में उत्पन्न हालातों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने मोर्चा संभाल लिया है। प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाने हेतु चिकित्सकों की तैनाती के साथ-साथ स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन भी लगातार किया जा रहा है।



इसी क्रम में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा आपदाग्रस्त सैंजी गांव में एक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।



इस शिविर में 65 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकता अनुसार उन्हें दवाइयां भी वितरित की गईं।




मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एम. शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देशानुसार ग्रामीण चिकित्सालयों में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की समुचित तैनाती सुनिश्चित की गई है। साथ ही, आपदा प्रभावित क्षेत्रों में लगातार मोबाइल स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से लोगों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।

डॉ. शुक्ला ने कहा, “हमारा प्रयास है कि किसी भी आपदा प्रभावित व्यक्ति को चिकित्सा सुविधा के अभाव में परेशानी न हो।” उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में तैनात चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं ताकि वे पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से सेवा दे सकें।


स्वास्थ्य विभाग की यह पहल प्रभावित क्षेत्रों में राहत का काम कर रही है और ग्रामीण जनमानस को उम्मीद और भरोसा दे रही है कि संकट की घड़ी में प्रशासन उनके साथ खड़ा है।



