आपदा प्रभावित धराली क्षेत्र में हेली सेवाएं बनीं जीवनदायिनी, तीन मरीजों को हेलीकॉप्टर से भेजा गया जिला चिकित्सालय

आपदा प्रभावित धराली क्षेत्र में हेली सेवाएं बनीं जीवनदायिनी, तीन मरीजों को हेलीकॉप्टर से भेजा गया जिला चिकित्सालय

स्थान : देहरादून

प्राकृतिक आपदा से प्रभावित धराली और सीमांत क्षेत्रों के निवासियों के लिए राज्य सरकार द्वारा संचालित हेली सेवाएं राहत का संजीवनी बनकर उभरी हैं। दुर्गम और कटे हुए इलाकों में फंसे मरीजों को त्वरित चिकित्सीय सहायता पहुंचाने में ये सेवाएं जीवनदायिनी सिद्ध हो रही हैं।

शुक्रवार को आपदा प्रभावित क्षेत्र से तीन गंभीर मरीजों को हेली सेवा के माध्यम से जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी भेजा गया। इनमें दो बुजुर्ग महिलाएं और एक गर्भवती महिला शामिल हैं।

75 वर्षीय प्रतिमा देवी, निवासी जसपुर गांव, लंबे समय से सांस की बीमारी से पीड़ित हैं। शुक्रवार को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

वहीं, 61 वर्षीय चंद्रबाला, जिन्हें गंभीर पेट संबंधी समस्या है, वे भी असहज स्थिति में आ गईं। प्रशासन ने दोनों को हर्षिल हेलीपैड तक पहुंचाया, जहां से उन्हें हेलीकॉप्टर के माध्यम से उत्तरकाशी अस्पताल भेजा गया।

इसी प्रकार, जसपुर गांव की तीन माह की गर्भवती महिला निर्मला देवी को अचानक तेज पेट दर्द की शिकायत हुई। हर्षिल में प्राथमिक उपचार के बाद, डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें भी हेलीकॉप्टर के माध्यम से जिला अस्पताल रेफर किया गया।

प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। दुर्गम इलाकों में फंसे नागरिकों के लिए यह सेवाएं संकट की घड़ी में आशा की किरण बनकर सामने आई हैं।