

रिपोर्ट : संजय कुंवर
स्थान : बद्रीनाथ धाम



भू-बैकुंठ नगरी श्री बद्रीनाथ धाम में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व का आयोजन अत्यंत श्रद्धा और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के इस पावन अवसर पर बद्री-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) द्वारा विशेष आयोजन किए गए, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भाग लिया।



श्रद्धालुओं ने भगवान बद्रीविशाल जी के दिव्य दर्शन के साथ-साथ मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण के डोला दर्शन का पुण्य लाभ भी प्राप्त किया।



शुक्रवार, 15 अगस्त से प्रारंभ होकर शनिवार प्रातःकाल तक बदरीपुरी श्रीकृष्ण भक्ति के रंग में डूबी रही। हर ओर भजन, कीर्तन और जन्मोत्सव की आनंदमयी ध्वनि गूंजती रही।



इस पावन अवसर पर मुख्य पुजारी (रावल) अमरनाथ नंबूदरी की अगुवाई में भगवान बद्रीविशाल के साथ-साथ बद्रीश पंचायत के देवताओं – नारद, उद्धव, कुबेर और नर-नारायण का भी विशेष शृंगार, अभिषेक और पूजन संपन्न किया गया।


शुक्रवार रात्रि के शुभ मुहूर्त में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की विधिवत शुरुआत हुई। रात्रि को मध्यरात्रि के विशेष समय पर श्रीकृष्ण जन्म लीलाओं का मंचन, अभिषेक, आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जो देर रात तक चला। भक्तगण नृत्य-गान में मग्न रहे और सम्पूर्ण बदरीपुरी में श्रीकृष्ण जन्म की दिव्यता और उल्लास की झलक स्पष्ट दिखाई दी।


इस पावन आयोजन में श्रद्धालुगण भक्ति और आस्था से ओतप्रोत नजर आए, और संपूर्ण वातावरण ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंजता रहा।




