मुंडाखेड़ा कलां में ग्रामीण के घर घुसा विशालकाय मगरमच्छ, वन विभाग ने रात में ही चलाया सफल रेस्क्यू अभियान

मुंडाखेड़ा कलां में ग्रामीण के घर घुसा विशालकाय मगरमच्छ, वन विभाग ने रात में ही चलाया सफल रेस्क्यू अभियान

स्थान : लक्सर/हरिद्वार

लक्सर के मुंडाखेड़ा कलां गांव में बुधवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के निवासी मदनपाल के घर में एक विशालकाय मगरमच्छ घुस आया।

घटना की सूचना पर वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर रात में ही सफलतापूर्वक मगरमच्छ को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, मदनपाल रात्रि में अपने पशुओं को देखने के लिए उठे, तभी उनकी नजर घर में घुसे मगरमच्छ पर पड़ी। उन्होंने तुरंत पूरे परिवार को जगाया और शोर मचाया। आवाज सुनकर गांववासी भी इकट्ठा हो गए। घटना की सूचना जिला पंचायत सदस्य को दी गई, जिन्होंने वन क्षेत्राधिकारी को अवगत कराया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने तत्काल रेस्क्यू टीम रवाना की, जो गुरजंट सिंह की अगुवाई में गांव पहुंची।

लगभग एक घंटे की मेहनत के बाद टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से पकड़ा और जंगल के सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया।

वन विभाग की इस तत्परता और साहसिक प्रयास की ग्रामीणों ने प्रशंसा की और टीम का आभार व्यक्त किया।