

स्थान : सितारगंज
रिपोर्ट : तनवीर अंसारी


स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर घोषित सरकारी अवकाश के बावजूद बाजार खुले रहने पर श्रम विभाग ने सितारगंज में चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान आधे दर्जन से अधिक व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर नियमों के उल्लंघन के आरोप में चालान की कार्रवाई की गई।



श्रम विभाग की इस कार्रवाई से व्यापारियों में भारी नाराज़गी देखी गई। कई व्यापारियों ने स्मार्ट प्वाइंट के सामने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि विभाग द्वारा केवल छोटे व्यापारियों के खिलाफ ही कार्रवाई की गई है, जबकि बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों को अनदेखा किया गया।



प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों ने मांग की कि स्मार्ट प्वाइंट सहित अन्य बड़े प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी समान रूप से कार्रवाई की जाए, जिससे सभी व्यापारियों के साथ निष्पक्ष व्यवहार हो।


इस संबंध में श्रम विभाग की अधिकारी मीनाक्षी भट्ट ने जानकारी दी कि विभाग द्वारा पूरे शहर में विभिन्न दुकानों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जिन प्रतिष्ठानों पर श्रमिक कार्यरत थे, वहां या तो पूर्ण अवकाश देने अथवा कार्य कर रहे श्रमिकों को दोगुना वेतन देने के नियम का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।

उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा वर्ष में तीन दिन – 15 अगस्त, 26 जनवरी और 2 अक्टूबर – को अनिवार्य अवकाश घोषित किया गया है, जिसे सभी व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों पर लागू करना अनिवार्य है।


मीनाक्षी भट्ट ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठान मालिकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जा रही है, लेकिन जिन व्यापारियों के चालान काटे गए हैं, उन्हें अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया जाएगा। इसके बाद ही उनसे अर्थदंड की वसूली की जाएगी।



उन्होंने कहा कि विभाग की मंशा किसी को परेशान करने की नहीं, बल्कि सरकारी नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की है।



