

स्थान – खटीमा /उधम सिंह नगर
रिपोर्ट – अशोक सरकार


जहां पूरे देश में 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह और देशभक्ति के भाव के साथ मनाया गया, वहीं खटीमा क्षेत्र भी इस राष्ट्रीय पर्व में पूरे जोश के साथ सहभागी बना। विभिन्न सरकारी, अर्ध-सरकारी, निजी संस्थानों तथा शैक्षणिक संस्थाओं में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए और देशभक्ति से ओतप्रोत आयोजन किए गए।




मुख्य कार्यक्रम खटीमा तहसील परिसर में आयोजित हुआ, जहाँ उपजिलाधिकारी श्री तुषार सैनी ने ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात तहसील प्रशासन द्वारा राष्ट्रगान गाया गया और उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने देश की स्वतंत्रता, संविधान और कर्तव्यों पर प्रेरणादायी वक्तव्य दिए।




कोतवाली खटीमा, थाना झनकइया, चकरपुर पुलिस चौकी, 17 मील पुलिस चौकी, वन विभाग (सुरई रेंज), आबकारी विभाग, मंडी समिति, ईस्टर इंडस्ट्रीज लिमिटेड, चारोंबेटा, तथा अन्य विभिन्न सरकारी व निजी संस्थानों में भी ध्वजारोहण किया गया और देश के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की गई।



भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों ने भी पूरे सम्मान के साथ ध्वजारोहण किया और परेड के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। सीमा पर सुरक्षा का दायित्व निभा रहे जवानों की यह देशभक्ति भावना दर्शकों को गर्व से भर गई।



शहर के विभिन्न सरकारी और निजी विद्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में प्रभात फेरियाँ निकाली गईं, जिनमें छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति नारों और गीतों के साथ भाग लिया। स्कूलों में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण प्रतियोगिताएँ, नाटक, और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।


पूरे खटीमा क्षेत्र में इस अवसर पर देशभक्ति की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली। हर ओर तिरंगे की शान और देश के प्रति समर्पण का भाव वातावरण में गूंजता रहा।




