हल्द्वानी के बालाजी मंदिर में होगा श्री यंत्र की स्थापना का दुर्लभ आयोजन, 10 महाविद्याओं के साथ होगा अनुष्ठान

हल्द्वानी के बालाजी मंदिर में होगा श्री यंत्र की स्थापना का दुर्लभ आयोजन, 10 महाविद्याओं के साथ होगा अनुष्ठान

हल्द्वानी,
ऋषि कपूर: संवाददाता
रूपनगर स्थित श्री बालाजी मंदिर में आगामी 2, 3 और 4 अक्टूबर 2025 को एक विशेष धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। बालाजी मंदिर समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मां ललिता देवी को समर्पित श्री यंत्र की स्थापना की जाएगी। इस आयोजन की जानकारी मंदिर व्यवस्थापक महंत पुरनचंद पाठक ने आज एक प्रेस वार्ता के दौरान दी।

पहली बार हल्द्वानी में 10 महाविद्याओं के साथ होगा आयोजन

महंत पाठक के अनुसार, यह आयोजन इसलिए भी विशेष और दुर्लभ है क्योंकि इसमें 10 महाविद्याओं के साथ अनुष्ठान किया जाएगा। यह पहली बार है जब हल्द्वानी में 10 महाविद्याओं की आलौकिक शक्तियों के साथ कोई आयोजन संपन्न होने जा रहा है।

श्री यंत्र से फैलेगी सकारात्मक ऊर्जा

महंत पाठक ने बताया कि श्री यंत्र लगभग 5 किलोमीटर की परिधि में अपनी अद्भुत और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है, जिससे क्षेत्र में सुख, समृद्धि और शांति की स्थापना होती है। उन्होंने इसे आध्यात्मिक रूप से उन्नति चाहने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए एक दुर्लभ अवसर बताया।

उत्तराखंड में अब तक केवल एक श्री यंत्र

महंत जी ने बताया कि वर्तमान में उत्तराखंड में केवल डोल आश्रम, अल्मोड़ा में ही एक श्री यंत्र स्थापित है। अब हल्द्वानी में होने जा रही यह स्थापना, राज्य के लिए दूसरी श्री यंत्र स्थापना होगी, जो अपने आप में एक दुर्लभ संयोग है।


नोट:

मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे इस विशिष्ट आध्यात्मिक आयोजन में सपरिवार भाग लें और श्री यंत्र की दिव्य ऊर्जा का लाभ उठाएं।