चंपावत में भारी बारिश का कहर, टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे बंद, संपर्क मार्गों पर भी संकट

चंपावत में भारी बारिश का कहर, टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे बंद, संपर्क मार्गों पर भी संकट

स्थान:चंपावत
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट

मौसम विभाग द्वारा जारी किया गया अलर्ट आखिरकार सच साबित हुआ। बुधवार देर रात से चंपावत जनपद में मूसलाधार बारिश लगातार जारी है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर स्वाला और संतोला के पास भारी मलबा आने के कारण मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। संतोला में सड़क खोलने का कार्य मशीनों से जारी है, लेकिन लगातार हो रही बारिश और पहाड़ से गिरते मलबे के कारण बाधाएं आ रही हैं। दूसरी ओर, स्वाला में सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है और फिलहाल वहां कोई राहत कार्य संभव नहीं हो पा रहा है।

संपर्क मार्ग भी ठप, आवाजाही पर पूरी तरह विराम

घाट से पिथौरागढ़ जाने वाला मार्ग भी बंद है, जिससे पिथौरागढ़ जिले का चंपावत से संपर्क कट गया है। जनपद के पर्वतीय क्षेत्रों में हालात और भी खराब हैं।

प्रशासन की अपील: नदियों से दूर रहें, अनावश्यक यात्रा न करें

प्रशासन और पुलिस ने लोगों से नदियों के किनारे न जाने, अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों में रहने की अपील की है। साथ ही, स्थिति को देखते हुए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं ताकि आपात स्थिति में लोग सहायता प्राप्त कर सकें।

लोगों का आक्रोश: एनएच अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप

स्थानीय लोगों में भारी रोष देखा जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि डेंजर ज़ोन में समय पर कार्य पूरा नहीं किया गया, जिसके चलते आज सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने एनएच विभाग की लापरवाही को इसके लिए ज़िम्मेदार ठहराया है।