

देहरादून,
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने बुधवार को देहरादून स्थित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने सड़क सुरक्षा को नागरिकों की प्राथमिक ज़िम्मेदारी बताते हुए विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में यातायात नियमों के पालन पर ज़ोर दिया।



राज्यपाल ने कहा कि लापरवाही से वाहन चलाना सिर्फ चालक के लिए नहीं, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी जानलेवा हो सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि स्कूल स्तर से ही बच्चों में सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन की समझ विकसित की जानी चाहिए।


उन्होंने उत्तराखण्ड आने वाले पर्यटकों से भी अपील की कि वे स्थानीय ट्रैफिक नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और नशे की हालत में वाहन न चलाएं।

इस मौके पर राज्यपाल ने आरटीओ देहरादून की उस पहल की सराहना की, जिसमें सप्ताह में एक दिन सरकारी अधिकारी सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रयास न केवल यातायात दबाव को कम करेगा बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक होगा।




कार्यक्रम में राज्यपाल ने सड़क दुर्घटनाओं में मदद करने वाले “गुड सेमेरिटन्स” और अनुशासित चालकों को सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने खुद का ड्राइविंग लाइसेंस निर्धारित प्रक्रिया के तहत नवीनीकरण कराया। उन्होंने आम नागरिक की तरह सभी औपचारिकताएं पूरी कर यह संदेश दिया कि कानून का पालन सभी के लिए समान है।

राज्यपाल ने कहा कि सरकारी सेवाएं पारदर्शी, तकनीक-आधारित और सरल होनी चाहिए, जिससे आम नागरिक बिना किसी सिफारिश के अपने कार्य आसानी से पूरे कर सकें।



