

स्थान : देहरादून


उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम बिगड़ने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आने वाले दिनों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई क्षेत्रों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना है।


उन्होंने बताया कि देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी और उससे लगे जनपदों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है, जबकि कुछेक स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा की भी चेतावनी जारी की गई है। इन जनपदों को रेड अलर्ट पर रखा गया है।


इसके अलावा पिथौरागढ़, बागेश्वर, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जैसे पर्वतीय जनपदों को ऑरेंज अलर्ट में शामिल किया गया है, जहां भारी वर्षा की आशंका जताई गई है।



आज की स्थिति:
थपलियाल के अनुसार, आज कुछ हद तक वर्षा की गतिविधियों में कमी देखने को मिल सकती है, लेकिन कम्युनिटी इम्पैक्ट के चलते देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, और उधम सिंह नगर में बारिश का व्यापक असर हो सकता है।


13 और 14 अगस्त:
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 13 और 14 अगस्त को बारिश की तीव्रता दोबारा बढ़ सकती है। 13 अगस्त को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर, उधमसिंह नगर और हरिद्वार में भारी से अत्यंत भारी वर्षा की आशंका के चलते इन जनपदों को फिर से रेड अलर्ट में रखा गया है।

एहतियात बरतने की सलाह:
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम की ताजा जानकारी पर ध्यान दें, अनावश्यक यात्रा से बचें और संभावित आपदा क्षेत्रों में सतर्कता बरतें। प्रशासन ने भी अलर्ट मोड में रहते हुए सभी जरूरी तैयारियां शुरू कर दी हैं।



