चमोली में भारी बारिश का अलर्ट: 14 अगस्त तक ट्रैकिंग स्थलों पर रोक, हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी में सन्नाटा

चमोली में भारी बारिश का अलर्ट: 14 अगस्त तक ट्रैकिंग स्थलों पर रोक, हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी में सन्नाटा

रिपोर्ट : संजय कुंवर
स्थान : हेमकुंड साहिब (चमोली)

भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा चमोली जनपद में भारी बारिश की चेतावनी जारी करने के बाद जिला प्रशासन ने 14 अगस्त तक सभी ट्रैकिंग स्थलों पर पथारोहण गतिविधियों पर रोक लगा दी है। इस निर्णय के चलते जिले के उच्च हिमालयी तीर्थ स्थलों और पर्यटन स्थलों पर सन्नाटा छा गया है।

रुद्रनाथ धाम, विश्व धरोहर स्थल फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान, और प्रसिद्ध श्री हेमकुंड साहिब जैसे तमाम ट्रैकिंग रूटों को पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए फिलहाल बंद कर दिया गया है। फूलों की घाटी का प्रवेश द्वार भी बंद कर दिया गया है, जिससे यहां आने वाले सैलानियों की आमद पूरी तरह थम गई है।

श्री हेमकुंड साहिब, जो सप्त श्रृंग हिमशिखरों की तलहटी में स्थित है, इस मौसम में भी अपनी अलौकिक सुंदरता से भक्तों को आकर्षित कर रहा है। मगर बारिश और संभावित भूस्खलन के खतरे को देखते हुए फिलहाल यहाँ की यात्रा पर अस्थाई विराम लगाया गया है।

गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के सीनियर मैनेजर सरदार सेवा सिंह ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और जब तक यात्रा पुनः सुचारु न हो, तब तक ऋषिकेश से ऊपर की ओर न बढ़ें।

उन्होंने कहा कि यह प्रतिबंध तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर लगाया गया है और स्थिति सामान्य होते ही यात्रा फिर से शुरू कर दी जाएगी।

प्रशासन का यह कदम संभावित आपदा से बचाव के उद्देश्य से उठाया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके। जिला प्रशासन, SDRF और अन्य एजेंसियां सतर्क हैं और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।