

स्थान : हरिद्वार

बहादराबाद क्षेत्र स्थित मां गंगा मैटरनिटी एंड आई केयर अस्पताल की कथित लापरवाही ने दो परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। अस्पताल में डिलीवरी के दौरान दो गर्भवती महिलाओं की मौत हो गई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।



परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने समय रहते न तो किसी विशेषज्ञ डॉक्टर को बुलाया, और न ही जरूरी चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराईं। परिजनों के अनुसार, जब तक डॉक्टर मौके पर पहुंचे, दोनों महिलाओं की हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी, लेकिन समुचित इलाज शुरू नहीं किया गया, जिससे उनकी जान चली गई।



घटना के बाद भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने तोड़फोड़ की कोशिश भी की, लेकिन मौके पर पहुँची पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए हालात पर काबू पाया। कई थानों से पुलिस बल बुलाया गया और अस्पताल परिसर में भारी सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई।



मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन भी हरकत में आ गया है। अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही से मौत का मामला दर्ज करने की मांग की जा रही है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अस्पताल में जरूरी संसाधन और प्रशिक्षित डॉक्टर मौजूद होते, तो शायद इन दो मासूम जिंदगियों को बचाया जा सकता था। मृत महिलाओं के परिवारों ने न्याय की गुहार लगाई है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।


फिलहाल, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखा है, और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।




