काठगोदाम में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, अवैध बहुमंजिला इमारतों पर बड़ी कार्रवाई

काठगोदाम में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, अवैध बहुमंजिला इमारतों पर बड़ी कार्रवाई

रिपोर्ट : ऋषि कपूर
स्थान : हल्द्वानी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर चल रहे राज्यव्यापी अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत शनिवार को काठगोदाम क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। नैनीताल रोड स्थित रेलवे स्टेशन के समीप अवैध रूप से निर्मित दुकानों और बहुमंजिला इमारतों पर बुलडोजर चलाया गया।

नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने जानकारी दी कि उक्त क्षेत्र में केवल एक मंजिला निर्माण की अनुमति थी, लेकिन नियमों की अनदेखी कर कई लोगों ने दो से तीन मंजिला इमारतें और कॉम्प्लेक्स बना लिए थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये निर्माण पूरी तरह अवैध हैं और इनके खिलाफ कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने विरोध जताया, लेकिन प्रशासन ने निर्माण के अवैध होने के स्पष्ट प्रमाण दिखाते हुए कार्रवाई में कोई ढील नहीं दी।


कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की भारी तैनाती की गई ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। जहां कुछ स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की सख्ती की सराहना की, वहीं प्रभावित व्यापारियों का कहना है कि “वर्षों से चल रहा व्यवसाय एक झटके में उजड़ गया, अब रोज़गार का संकट खड़ा हो गया है।”

प्रशासन का कहना है कि कानून सभी के लिए समान है, और जनहित एवं शहर की योजनाबद्ध विकास प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

यह कार्रवाई आने वाले दिनों में अन्य अतिक्रमण स्थलों पर भी जारी रहने की संभावना है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि निर्माण कार्य नियमानुसार ही करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।