मुखानी में योगा ट्रेनर युक्ति की गला दबाकर हत्या, परिजनों ने पुलिस और योगा सेंटर के खिलाफ किया प्रदर्शन

मुखानी में योगा ट्रेनर युक्ति की गला दबाकर हत्या, परिजनों ने पुलिस और योगा सेंटर के खिलाफ किया प्रदर्शन

रिपोर्टर – पंकज सक्सेना

स्थान – हल्द्वानी

मुखानी क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब योगा स्टूडियो में काम करने वाली योगा ट्रेनर युक्ति की लाश उसके किराए के आवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिली। शुरू में इस घटना को आत्महत्या का मामला बताया गया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने चौंकाने वाला खुलासा किया – युक्ति की गला दबाकर हत्या की गई थी और उसके सिर पर भी गंभीर चोट के निशान थे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद परिजनों में गुस्से का विस्फोट हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने मामले को जानबूझकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, ताकि योगा स्टूडियो संचालक को बचाया जा सके, जो कथित रूप से दुराचार और हत्या के बाद फरार है।

शनिवार देर शाम युक्ति के परिजनों और स्थानीय लोगों ने योगा सेंटर के बाहर जमकर प्रदर्शन किया, नारेबाजी की, और रोड जाम कर दिया। आक्रोशित भीड़ ने योगा सेंटर में तोड़फोड़ भी की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हुई और धक्का-मुक्की भी देखी गई।

युक्ति की बुआ ने मीडिया से बातचीत में बताया, “मेरी भतीजी पहाड़ से आकर यहां काम कर रही थी, अकेली किराए पर रहती थी। जब हम कमरे पर पहुंचे तो वह मृत अवस्था में पड़ी थी। वहां कोई नहीं था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है और सिर पर भी चोट थी।”

परिजनों का आरोप है कि योगा सेंटर के मालिक ने युक्ति के साथ दुराचार कर उसकी हत्या कर दी, और अब पुलिस इस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोपी को फांसी देने की मांग की और पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो आंदोलन और उग्र रूप लेगा।

यह घटना एक बार फिर उत्तराखंड में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस और प्रशासन द्वारा गंभीर मामलों को दबाना, पीड़ित परिवारों के लिए दूसरा संघर्ष बन जाता है।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी। लेकिन सवाल यह है कि जब रिपोर्ट में साफ लिखा है कि मृतका की हत्या हुई है, तो अब तक मामला आत्महत्या के रूप में दर्ज क्यों है, और आरोपी अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं हुआ?

इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश की लहर फैला दी है।