बेस अस्पताल हल्द्वानी में लैब टेक्नीशियन की भारी कमी, स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित

बेस अस्पताल हल्द्वानी में लैब टेक्नीशियन की भारी कमी, स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित

रिपोर्टर – पंकज सक्सेना

स्थान – हल्द्वानी

कुमाऊं का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल, हल्द्वानी स्थित बेस चिकित्सालय, इन दिनों टेक्नीशियन की भारी कमी से जूझ रहा है। 300 बेड वाले इस अस्पताल में 12 लैब टेक्नीशियन की आवश्यकता है, लेकिन फिलहाल सिर्फ 4 टेक्नीशियन के सहारे अस्पताल की जांच सेवाएं संचालित की जा रही हैं।

पूर्व में यहां 7 स्थायी और 4 संविदा टेक्नीशियन तैनात थे, लेकिन संविदा पर कार्यरत सभी चार टेक्नीशियन ने हाल ही में सेवा छोड़ दी।

वहीं, शेष चार टेक्नीशियन का स्थानांतरण पहाड़ी क्षेत्रों में कर दिया गया। अब अस्पताल में केवल चार टेक्नीशियन ही कार्यरत हैं, जिन्हें रात-दिन ड्यूटी करनी पड़ रही है।

इस स्थिति के चलते रोजाना अस्पताल पहुंचने वाले हजारों मरीजों की जांच प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। मरीजों को घंटों लंबी कतार में इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे असंतोष भी बढ़ रहा है।

स्वास्थ्य विभाग के दावों के बावजूद टेक्नीशियन की इस कमी ने बेस अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मरीजों और अस्पताल प्रशासन दोनों ने मांग की है कि शीघ्र ही रिक्त पदों को भरा जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।

अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कितनी त्वरित कार्रवाई करता है, या फिर यह संकट और गहराता है।