

रिपोर्ट, संजय कुंवर,

ज्योतिर्मठ

ज्योतिर्मठ से पहले पैनी क्षेत्र में खनोटी नाले के समीप बद्रीनाथ नेशनल हाईवे की स्थिति चिंताजनक हो गई है।



यहां निर्माणाधीन पुल के पास मुख्य सड़क पर लगभग 200 मीटर के दायरे में जलभराव के कारण जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ भर जाने से पूरी सड़क दलदल में तब्दील हो गई है। बदहाल सड़क से गुजरने वाले यात्रियों और स्थानीय वाहन चालकों की जान खतरे में पड़ गई है।



यह मार्ग बद्रीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब तथा फूलों की घाटी की यात्रा पर प्रतिदिन सैकड़ों यात्री वाहनों के साथ-साथ ज्योतिर्मठ क्षेत्र के स्थानीय वाहनों के लिए महत्वपूर्ण है।


वहीं, खराब सड़क की वजह से वाहन चालक जोखिम उठाकर इस खतरनाक मार्ग को पार करने को मजबूर हैं। दोपहिया वाहनों की स्थिति सबसे अधिक खराब है, जो इस दलदल से भरे हाईवे में फंसकर अक्सर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द इस समस्या का समाधान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्यवाही नहीं हुई, तो इस खस्ताहाल सड़क पर किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।


क्षेत्रीय प्रशासन और निर्माण एजेंसी को इस प्वाइंट की स्थिति का संज्ञान लेकर शीघ्र सुधार कार्य करने की आवश्यकता है ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।



