कैंचीधाम में जाम की समस्या पर केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा सख्त, अधिकारियों को दिए ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश

कैंचीधाम में जाम की समस्या पर केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा सख्त, अधिकारियों को दिए ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कैंचीधाम में लगातार बढ़ रही यातायात जाम की समस्या को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा ने काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उन्होंने कैंचीधाम और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए वैकल्पिक मार्ग, पार्किंग और सड़क चौड़ीकरण के प्रस्ताव जल्द तैयार करने के निर्देश दिए।

केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने पिछले सप्ताह कैंचीधाम क्षेत्र में लगे भीषण जाम पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और लोग सरकार पर सवाल उठा रहे हैं।

बैठक में कैंचीधाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। केंद्रीय राज्यमंत्री ने निगलाट क्षेत्र में पार्किंग विकसित करने, क्वारब से तल्ला रामगढ़ मोटर मार्ग को टू-लेन बनाने और कैंचीधाम से हरतपा तक वैकल्पिक मार्ग तैयार करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा पाटलीगांव-रातीघाट मोटर मार्ग की मरम्मत तथा भवाली से कैंचीधाम तक सड़क चौड़ीकरण के कार्य को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सड़क सुधार और चौड़ीकरण से जुड़े प्रस्तावों को जल्द तैयार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

रानीबाग स्थित भीमताल-नैनीताल तिराहे पर लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए वैली ब्रिज निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही गुलाबघाटी में सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया, ताकि हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों का आवागमन सुगम हो सके।

बैठक में कैंचीधाम मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर को सुबह चार बजे खोलने और श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित करने पर भी चर्चा हुई। इससे मंदिर परिसर और आसपास की सड़कों पर भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद जताई गई।

केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने बताया कि गौलापार-लालकुआं बाईपास निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस परियोजना को लगभग डेढ़ वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि सड़क और यातायात से जुड़ी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा।

उन्होंने स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों से भी यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। साथ ही वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करने और यातायात नियमों का पालन करने को कहा। बैठक में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित पुलिस, वन विभाग, परिवहन विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।