
स्थान : भीमताल/धारी
ब्यूरो रिपोर्ट

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने धारी ब्लॉक के कसियालेख से चौखुटा, पोखराड़ होते हुए धारी तक मोटर मार्ग पर चल रहे डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

लंबे समय से कसियालेख से चौखुटा-पोखराड़-धारी मोटर मार्ग की हालत खराब होने के कारण क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क की बदहाल स्थिति को देखते हुए स्थानीय ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा से मोटर मार्ग पर डामरीकरण कराने की मांग की थी।




ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मंत्री कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के लिए डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर सड़क के डामरीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया था।


मंत्री कैड़ा के अनुसार, शासन से मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण के लिए 5 करोड़ 47 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई गई। इसी क्रम में सड़क पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली और निर्धारित मानकों के अनुरूप डामरीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि स्थानीय ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।

सड़क निरीक्षण के साथ ही कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने चाफी, अलचौना, धारी, गजार, चौखुटा, उच्युरा और जाड़ापानी सहित विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। कई समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।




मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के कार्य लगातार कराए जा रहे हैं। उनका प्रयास है कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर हो और लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय कर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

