

टॉप–धनोल्टी

रिपोर्ट–मुकेश रावत

थाना केम्पटी क्षेत्र के अंतर्गत सुमन क्यारी चौकी में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवक घायल हो गए। मोरी से विकासनगर की ओर जा रही एक पिकअप वाहन (UK07TD 6512) अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में गिरते हुए यमुना नदी में जा समाई।



घटना सुबह करीब 6:00 बजे की बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही केम्पटी थाना पुलिस और स्थानीय बचाव टीम मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।



प्रारंभिक जांच के अनुसार, वाहन में सवार दो युवक दुर्घटना के दौरान वाहन से बाहर गिर गए थे, जिन्हें मामूली चोटें आई हैंऔर उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


तीसरे युवक को गंभीर हालत में खाई से निकाला गया, जबकि चौथे युवक की तलाश कुछ देर तक चली। बाद में उसे भी घायल अवस्था में बरामद कर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।


घायलों की पहचान इस प्रकार हुई है:

- परमेश लाल, पुत्र दिल्लू लाल (25 वर्ष)
- नवीन, पुत्र शिवदयाल (22 वर्ष) — वाहन चालक
- विपिन नेगी, पुत्र सैन सिंह (18 वर्ष)
- सुरतन लाल, पुत्र बंसलाल (18 वर्ष)

चारों युवक उत्तरकाशी जिले के थाना मोरी अंतर्गत ग्राम नूरानी नैटववाड़ के निवासी बताए जा रहे हैं।
थानाध्यक्ष केम्पटी महिपाल सिंह रावत ने बताया कि पिकअप वाहन संभवतः तेज रफ्तार और सड़क पर नियंत्रण खोने के कारण खाई में गिरा। हादसे की विस्तृत जांच जारी है।

पुलिस ने दुर्घटनास्थल पर राहत-बचाव कार्य पूरा कर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया है।



