

चमोली

ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तिलणी के पास रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।



चमोली के अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (डिप्टी सीएमओ) की कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा भी घायल हुआ है।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त डिप्टी सीएमओ स्वयं कार चला रहे थे और उन पर नशे में होने का संदेह जताया गया है। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पर सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरे।



दोनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से एक युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे वेंटिलेटर पर रखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। दूसरे युवक का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।


पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी डिप्टी सीएमओ को मौके से ही हिरासत में ले लिया। प्राथमिक जांच में उनके नशे में होने की पुष्टि के बाद उनके खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक चमोली ने जानकारी दी कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कानूनी कार्रवाई की जा रही है


और मेडिकल रिपोर्ट का भी इंतजार है। वहीं स्थानीय लोगों में घटना को लेकर रोष व्याप्त है और उन्होंने अधिकारियों से सख्त कार्रवाई की मांग की है।


