‘नव चेतना’ प्रतियोगिता में पहले स्थान पर आए सागर आर्य बने एक दिन के सांकेतिक एसडीएम

‘नव चेतना’ प्रतियोगिता में पहले स्थान पर आए सागर आर्य बने एक दिन के सांकेतिक एसडीएम

रिपोर्ट – संजय जोशी
स्थान – रानीखेत

शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और प्रतिभावान छात्रों को प्रोत्साहन देने की दिशा में रानीखेत के संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनन्द की पहल ‘मिशन नव चेतना’ रंग ला रही है। इसी अभियान के तहत अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, ताड़ीखेत के छात्र सागर आर्य ने सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता (जूनियर वर्ग) में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक दिन के सांकेतिक एसडीएम बनने का अवसर प्राप्त किया।

संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनन्द ने सागर को स्वयं सरकारी वाहन से ताड़ीखेत से अपने कार्यालय लाया। वहां तहसीलदार दीपिका आर्य ने पुष्पगुच्छ भेंट कर सागर का स्वागत किया।

इसके बाद सागर को प्रतीकात्मक रूप से एसडीएम की कुर्सी पर बैठाया गया। सागर ने पूरे आत्मविश्वास के साथ संयुक्त मजिस्ट्रेट के कक्ष में बैठकर तहसील के विभिन्न कार्यों की जानकारी ली और विभागों का निरीक्षण किया।

संयुक्त मजिस्ट्रेट ने बताया कि मिशन नव चेतना का उद्देश्य छात्रों के भीतर नेतृत्व और आत्मविश्वास की भावना पैदा करना है। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी छात्रों को शैक्षिक भ्रमण के लिए दिल्ली भी भेजा गया था, जिससे वे देश की कार्यप्रणाली और ऐतिहासिक स्थलों से रूबरू हो सकें।

उन्होंने आगे बताया कि यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सराहना प्राप्त कर चुका है और जल्द ही इसे पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।

वहीं एक दिन के सांकेतिक एसडीएम बने सागर आर्य ने कहा, “आज की यह उपलब्धि मेरे लिए गर्व का क्षण है। मैं भविष्य में सच में इस कुर्सी तक पहुंचने के लिए पूरी मेहनत करूंगा।”