

रिपोर्ट – राजू सहगल
लोकेशन – किच्छा


उधम सिंह नगर जनपद के किच्छा कोतवाली क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। किच्छा के धाधा फॉर्म इलाके में पत्नी ने अपने भाई और जीजा के साथ मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या कर दी।



किच्छा पुलिस ने महज दो दिन में हत्या का खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों — मृतक की पत्नी पिंकी, उसके भाई और जीजा को गिरफ्तार कर लिया है।



दो दिन पूर्व 45 वर्षीय राजमिस्त्री कमलेश का शव अमरूद के बाग में संदिग्ध हालात में मिला था। शुरुआत में मृतक की पत्नी पिंकी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते हुए अज्ञात लोगों पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया, जिसमें गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई।



पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए किच्छा पुलिस ने जांच तेज की और सच सामने आ गया। जांच में पता चला कि मृतक कमलेश शराब पीने का आदी था और पत्नी से अक्सर मारपीट करता था। इससे परेशान होकर पिंकी ने अपने भाई और जीजा के साथ मिलकर पति को ठिकाने लगाने की साजिश रची।

हत्या की रात तीनों ने मिलकर कमलेश की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को अमरूद के बाग में फेंक दिया। सुबह परिजनों ने शव बरामद कर चुपचाप अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी थी, लेकिन समय रहते पुलिस ने हस्तक्षेप कर जांच शुरू कर दी।


पुलिस क्षेत्राधिकारी एमएस धोनी ने हत्या का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस सफल खुलासे पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने पुलिस टीम को ₹2500 का इनाम देने की घोषणा की है।



