रुड़की के होटल में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, आठ युवतियां और पांच युवक गिरफ्तार

रुड़की के होटल में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, आठ युवतियां और पांच युवक गिरफ्तार

लोकेशन : रूड़की
रिपोर्टर : प्रिंस शर्मा

रुड़की में सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की संयुक्त कार्रवाई में सेक्स रैकेट का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने मलकपुर चुंगी के पास स्थित होटल श्रीनिवास में छापेमारी कर आठ युवतियों और पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवकों में होटल का मैनेजर भी शामिल है।

पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि इस होटल में अवैध गतिविधियाँ संचालित हो रही हैं। इसी सूचना के आधार पर देर शाम पुलिस और AHTU की टीम ने होटल में दबिश दी। छापेमारी के दौरान युवक-युवतियाँ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े गए।

टीम ने होटल की घेराबंदी कर सभी संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि होटल में न सिर्फ कमरे और लड़कियाँ ग्राहकों को उपलब्ध कराई जाती थीं, बल्कि ग्राहकों की मांग पर युवतियों को बाहर भी भेजा जाता था।

सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि अभी सभी से पूछताछ जारी है। नामों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही किया जाएगा।

होटल के रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्य की भी जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश में जुट गई है