

स्थान : लक्सर


लक्सर तहसील क्षेत्र में राशन डीलरों की भारी कमी से उपभोक्ताओं को तमाम समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि एक-एक राशन डीलर को कई-कई सस्ती गल्ले की दुकानें संचालित करनी पड़ रही हैं, जिससे राशन वितरण प्रणाली पूरी तरह प्रभावित हो रही है।


सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों से मिलने वाले राशन के लिए ग्रामीणों को बार-बार चक्कर काटने पड़ रहे हैं। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि वे समय पर राशन नहीं प्राप्त कर पा रहे, जबकि कुछ को तो महीनों से राशन नहीं मिला है।


एक ओर जहां सरकार का दावा है कि हर गरीब व्यक्ति तक राशन योजना का लाभ पहुंचाया जा रहा है, वहीं लक्सर क्षेत्र में राशन डीलरों की कमी इस दावे को कमजोर करती नजर आ रही है।


नौ गांवों में नहीं है राशन डीलर

खाद्य आपूर्ति अधिकारी देवचंद ने जानकारी दी कि लक्सर के नौ गांव ऐसे हैं, जहां अब तक राशन डीलर की नियुक्ति नहीं हो सकी है। ऐसी स्थिति में इन गांवों की राशन दुकानों को अन्य डीलरों के अधीन संबद्ध कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि,

“जल्द ही इन गांवों में भी राशन डीलरों की नियुक्ति कर दी जाएगी, जिससे उपभोक्ताओं को हो रही असुविधा दूर होगी।”


प्रभावित हो रही सरकारी योजना

डीलरों की कमी के कारण राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (NFSA) जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। जरूरतमंद लोग अपने पात्रता के बावजूद सरकारी राशन पाने से वंचित रह जा रहे हैं।

स्थानीय प्रशासन से ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द राशन डीलरों की नियुक्ति की जाए, ताकि उन्हें समय पर और सुचारु रूप से राशन मिल सके।


