

स्थान : हरिद्वार
रिपोर्टर : मनोज कश्यप


हरिद्वार में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। इसी क्रम में मेला नियंत्रण भवन में प्रशासनिक अधिकारियों और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ एक समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने को लेकर रणनीति तैयार की गई।



बैठक के दौरान प्रशासन ने व्यापारियों से अपील की कि वे दुकानों के बाहर किए गए अस्थाई अतिक्रमण को स्वेच्छा से हटा लें। इस पर व्यापार मंडल ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे हरिद्वार के सुनियोजित विकास और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन को पूर्ण सहयोग देंगे।


हालांकि व्यापारियों ने यह भी सुझाव दिया कि प्रशासन को केवल बाजारों में ही नहीं, बल्कि सरकारी जमीनों पर हुए अतिक्रमण को भी समान रूप से हटाना चाहिए।



प्रशासन जल्द शुरू करेगा विशेष अभियान

प्रशासनिक अधिकारियों ने जानकारी दी कि शीघ्र ही अतिक्रमण के खिलाफ एक व्यापक अभियान शुरू किया जाएगा। यह अभियान न केवल बाजार क्षेत्रों तक सीमित रहेगा, बल्कि इसमें सार्वजनिक स्थलों, फुटपाथों और सरकारी भूमि को भी अतिक्रमण से मुक्त किया जाएगा।

अधिकारियों का कहना है कि अतिक्रमण के चलते यातायात व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं में बाधा उत्पन्न होती है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रशासन की अपील:
व्यापारियों और आम जनता से अपील की गई है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग करें, अन्यथा अभियान के दौरान कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



