उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों के लिए बनेगा मास्टर प्लान, सीएम धामी के निर्देश पर आदेश जारी

उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों के लिए बनेगा मास्टर प्लान, सीएम धामी के निर्देश पर आदेश जारी

स्थान : देहरादून

उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर अब पर्यटन विभाग मास्टर प्लान तैयार करेगा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु ने सचिव पर्यटन को विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

यह कदम 27 जुलाई को हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर में हुई दुर्घटना के बाद उठाया गया है। हादसे के तत्काल बाद मुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और तीर्थ स्थलों पर यात्रियों की सुरक्षा व व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

पर्यटन विभाग द्वारा तैयार किए जाने वाले इस मास्टर प्लान में धार्मिक स्थलों पर भीड़ नियंत्रण, प्रवेश और निकास मार्ग, आपातकालीन सेवाएं, आवास व पेयजल सुविधाएं, और डिजिटल निगरानी जैसे प्रावधानों को शामिल किया जाएगा।

सरकार का उद्देश्य तीर्थयात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और अनुभव को बेहतर बनाना है ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना की पुनरावृत्ति न हो