रुद्रप्रयाग में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, केदारनाथ यात्रा मार्ग बाधित

रुद्रप्रयाग में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, केदारनाथ यात्रा मार्ग बाधित

रिपोर्ट : नीरज कंडारी
स्थान : रुद्रप्रयाग

रुद्रप्रयाग में देर रात्रि से जारी भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भूस्खलन, मलवा आने और पहाड़ टूटने के कारण कई मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। सबसे गंभीर स्थिति केदारनाथ पैदल मार्ग पर बनी हुई है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौरीकुंड घोड़ा पड़ाव के ऊपर से चट्टान टूटने के कारण केदारनाथ जाने वाला पैदल मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। यात्रियों को फिलहाल आगे बढ़ने से रोक दिया गया है, और सुरक्षा को देखते हुए यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई है।

इसी बीच अगस्त्यमुनि के विजयनगर क्षेत्र में सड़क मार्ग पर जलभराव के कारण पानी घरों में घुस गया है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्राम सभा रुमसी में भारी बारिश से आवासीय मकानों को खतरा उत्पन्न हो गया है, वहीं चमेली ग्राम सभा के बगड़धार तोक में दो मकान भारी वर्षा के चलते क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

सौड़ी गदेरे क्षेत्र में तेज भूमि कटाव के कारण कई घरों पर खतरा मंडरा रहा है। संबंधित विभागों को तत्काल सूचित कर राहत एवं बचाव कार्य के निर्देश दे दिए गए हैं।

जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों में जुटी हुई हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें।