चंपावत में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए दूरस्थ क्षेत्रों को रवाना हुईं P2 पोलिंग पार्टियां

चंपावत में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए दूरस्थ क्षेत्रों को रवाना हुईं P2 पोलिंग पार्टियां

स्थान: चंपावत
रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट

त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 के द्वितीय चरण के तहत चंपावत जनपद के दूरस्थ और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों के लिए शनिवार को P2 पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। यह पोलिंग पार्टियां विकासखंड चंपावत एवं बाराकोट के दुर्गम क्षेत्रों में मतदान संचालन हेतु भेजी गई हैं।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार ने पोलिंग दलों को रवाना करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और समयबद्ध तरीके से संपन्न होनी चाहिए।

जानकारी के अनुसार, चंपावत विकासखंड से 11 और बाराकोट विकासखंड से 2 पोलिंग पार्टियां शनिवार को अपने-अपने गंतव्यों के लिए रवाना हुईं।खंड विकास अधिकारी बाराकोट मोनिका पाल और रिटर्निंग ऑफिसर दीप्ती कीर्ति तिवारी ने बताया कि बाराकोट के अति संवेदनशील बूथ सील और संवेदनशील बूथ नेत्र सलान की टीमों को मतदान सामग्री के साथ भेजा गया। इन क्षेत्रों में पोलिंग पार्टियों को 8 से 5 किलोमीटर तक पैदल यात्रा करनी होगी, जिसके लिए घोड़ों की व्यवस्था भी की गई है।

चंपावत विकासखंड के जिन क्षेत्रों में पोलिंग पार्टियों को भेजा गया उनमें खिरद्वारी, गंगसीर, लोहारजुला, बुडम, डांडाककनई, हेलागोठ, सेलागाड़, सौराई, बकौड़ा, फुरकियाझाला और कठोल शामिल हैं।

पोलिंग पार्टियों ने अपने निर्धारित डिस्पैच एवं कलेक्शन केंद्रों से बैलेट बॉक्स सहित सभी आवश्यक सामग्री प्राप्त की और सुरक्षित रूप से गंतव्य की ओर प्रस्थान किया।

निर्वाचन विभाग द्वारा यह अग्रिम प्रेषण इसलिए किया गया ताकि समय से मतदान व्यवस्था स्थापित की जा सके और मतदाता बिना किसी असुविधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।