

स्थान – सितारगंज
रिपोर्ट – तनवीर अंसारी

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण के तहत सितारगंज विकासखंड के कुल 287 मतदान केंद्रों के लिए मतदान पार्टियां आज सितारगंज मंडी परिसर से रवाना की गईं। इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर मतदान पार्टियों की रवानगी और स्ट्रॉन्ग रूम का निरीक्षण किया।




व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण
इसके बाद जिला उप निर्वाचन अधिकारी पंकज उपाध्याय, स्थानीय निर्वाचन अधिकारी (एसडीएम) रविन्द्र जुवाठा और पुलिस क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धोनी ने भी स्ट्रॉन्ग रूम और मतदान स्थल प्रबंधन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।



पुलिस क्षेत्राधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।



सख्त सुरक्षा व्यवस्था
अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण का मतदान गुरुवार को संपन्न होगा। इस दौरान सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान बूथों पर विशेष फोर्स की तैनाती की जाएगी। किसी भी तरह की अशांति या हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।




प्रशासन पूरी तरह सतर्क
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि “मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है।” उन्होंने मतदान अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समय से अपने-अपने बूथों पर पहुंचकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें और निर्धारित समय पर मतदान प्रक्रिया प्रारंभ कराएं।




