
रिपोर्टर – संजय जोशी
स्थान – रानीखेत
आगामी जिला पंचायत चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने प्रचार अभियान को तेज कर दिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने रानीखेत जिले के नागाड़, बैरती और खीड़ा जिला पंचायत सीटों पर जोरदार प्रचार किया।



घर-घर जाकर मांगा समर्थन
बैरती, चौखुटिया, मासी, सीमा सहित आसपास के क्षेत्रों में करीब चार दर्जन भाजपा कार्यकर्ताओं ने डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर भाजपा समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की। कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से भाजपा को समर्थन देकर क्षेत्र के विकास की रफ्तार को बनाए रखने की बात कही।


सभा में गूंजी विकास की बात
प्रचार के दौरान आयोजित सभाओं में जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट ने कहा कि “आज पूरे जिले और प्रदेश में भाजपा के पक्ष में जबरदस्त जनसमर्थन है। आम जनता की अपेक्षाएं भाजपा से जुड़ी हैं और हम उनके विश्वास पर खरा उतरते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पबद्ध हैं।”



उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पूरे मनोयोग और समर्पण से भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए जुट जाएं।


प्रचार अभियान में ये रहे शामिल
प्रचार अभियान में मंडल अध्यक्ष चंदन बिष्ट, मुकेश पांडेय, गोपाल गिरी, विनोद भट्ट, भूपेंद्र कांडपाल, सुभाष बिष्ट, गिरधर बिष्ट सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।


