

रिपोर्टर- वसीम अहमद
स्थान- जसपुर, उधम सिंह नगर

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रैफिक, सफाई और सुरक्षा इंतज़ाम मुकम्मल

प्रदेशभर में कांवड़ यात्रा 2025 को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी कड़ी में कुमाऊं के प्रवेश द्वार जसपुर में भी प्रशासन ने यात्रा को सफल और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए कमर कस ली है। उपजिलाधिकारी जसपुर ने सड़क किनारे खड़ी अवैध गाड़ियों और अतिक्रमण को हटाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।




जैसा कि विदित है, कांवड़ यात्रा का शुभारंभ हो चुका है। कुमाऊं और उत्तर प्रदेश के कई जिलों से आने वाले शिवभक्तों का मार्ग जसपुर से होकर गुजरता है। ऐसे में यहां की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता है।



शहर की प्रमुख सड़कों पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण ने पहले से ही जगह घेर रखी है। इसको देखते हुए उपजिलाधिकारी ने नगरपालिका को निर्देशित किया है कि सड़कों को अतिक्रमण मुक्त किया जाए, जिससे कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।


मांस की दुकानों पर प्रतिबंध
कांवड़ यात्रा मार्ग में आने वाली मांस और मदिरा की दुकानों को यात्रा अवधि के दौरान बंद रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि धार्मिक आस्था और वातावरण की पवित्रता बनी रहे।

बरसात के मद्देनज़र नगर पालिका को निर्देश
उपजिलाधिकारी ने बताया कि बरसात के मौसम को देखते हुए जलभराव वाले इलाकों की पहचान कर ली गई है। नगरपालिका को निर्देशित किया गया है कि यदि किसी भी स्थान पर पैदल चलने में कठिनाई होती है, तो तुरंत वहां पानी निकासी की व्यवस्था की जाए। इसके लिए पंप सेट आदि तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।




पुलिस बल और ट्रैफिक नियंत्रण की भी तैयारी
कांवड़ यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विभाग को भी सक्रिय किया गया है। श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित ढंग से नियंत्रित करने के लिए यातायात पुलिस और होमगार्ड तैनात किए जाएंगे।



