सितारगंज: प्राथमिक विद्यालय में दलित बच्चे की पिटाई का मामला तूल पकड़ता गया, कार्रवाई की मांग को लेकर भीम आर्मी ने दिया धरना

सितारगंज: प्राथमिक विद्यालय में दलित बच्चे की पिटाई का मामला तूल पकड़ता गया, कार्रवाई की मांग को लेकर भीम आर्मी ने दिया धरना

स्थान : सितारगंज
रिपोर्ट : मो आरिफ

सितारगंज के राजकीय प्राथमिक विद्यालय, ग्रामसभा विरेंद्र नगर गोठा में दलित समुदाय के एक पांच वर्षीय बच्चे की कथित पिटाई का मामला अब गंभीर रूप से तूल पकड़ गया है। घटना के चार दिन बाद भी शिक्षिका पर कोई ठोस कार्रवाई न होने से नाराज भीम आर्मी ने सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय और उपखंड कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन का नेतृत्व भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार मास्टर ने किया। उन्होंने पीड़ित परिवार के साथ मिलकर आरोपी शिक्षिका के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

क्या है मामला?

घटना 3 जुलाई की बताई जा रही है। प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाला दलित समुदाय का पांच वर्षीय छात्र खेलते हुए शिक्षिका की कुर्सी पर हाथ लगा बैठा, जिसके बाद शिक्षिका ने बच्चे के साथ कथित तौर पर मारपीट की
परिजनों का आरोप है कि शिक्षिका ने केवल पीड़ित ही नहीं, बल्कि अन्य दलित छात्रों को भी भेदभाव और हिंसा का निशाना बनाया।

शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं

पीड़ित परिवार ने उपजिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन को इस मामले में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ, और न ही शिक्षिका के खिलाफ कोई विभागीय कार्रवाई की गई है।

भीम आर्मी की चेतावनी

भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “दलित बच्चों के साथ आज भी भेदभाव हो रहा है। महज कुर्सी छू लेने पर एक मासूम की पिटाई शर्मनाक है।”
उन्होंने शिक्षिका पर SC/ST एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने, निलंबन तथा तत्काल स्थानांतरण की मांग की है।


सत्येंद्र कुमार ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो तिरंगा चौक पर बड़ा आंदोलन और प्रदर्शन किया जाएगा।

शिक्षा विभाग की चुप्पी सवालों के घेरे में

घटना को लेकर शिक्षा विभाग की मौन भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे पीड़ित परिवार और दलित संगठनों में नाराजगी बढ़ रही है।