
लोकेशन :- जसपुर
रिपोर्टर :- अज़ीम खान

उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का शंखनाद हो चुका है। हरिद्वार को छोड़कर प्रदेश के शेष 12 जिलों में पंचायत चुनावों की सरगर्मियां जोरों पर हैं। ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य, ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए प्रत्याशियों ने राज्य निर्वाचन आयोग की गाइडलाइंस के अनुसार अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल कर दिए हैं।

इसी क्रम में उधम सिंह नगर जनपद के काशीपुर में भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल सिंह ने भाजपा नेता डॉ. एम.पी. सिंह के निवास पर प्रेस वार्ता कर भाजपा की रणनीति और दावेदारी की जानकारी दी।

17 में से 14 सीटों पर भाजपा का दावा
प्रेस वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष ने बताया कि काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर और जसपुर विधानसभा क्षेत्रों की कुल 17 जिला पंचायत सीटों में से 14 सीटों पर भाजपा प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि तीन सीटों को ‘फ्री’ यानी स्वतंत्र छोड़ने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने दावा किया कि “भाजपा इन 14 में से सभी सीटों पर परचम लहराएगी, इसमें आशा नहीं बल्कि पूर्ण विश्वास है।”


जसपुर की चारों सीटों पर पक्की जीत का दावा
अपने गृह क्षेत्र जसपुर की बात करते हुए जिलाध्यक्ष ने वहां की चारों जिला पंचायत सीटों पर भाजपा की पक्की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि “जनता का रुझान भाजपा के पक्ष में है और क्षेत्र में विकास व नेतृत्व को देखते हुए मतदाता हमें ही चुनेंगे।”

कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत
प्रेस वार्ता में पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं और गुलदस्तों से जिलाध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया।


मुख्यमंत्री धामी और प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में जीत का विश्वास

मनोज पाल सिंह ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ग्राम सभा सदस्य से लेकर जिला पंचायत स्तर तक भाजपा उम्मीदवार मैदान में हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि “मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के मजबूत नेतृत्व में भाजपा इस चुनाव में भारी मतों से जीत हासिल करेगी।”

