नारायणबगड़: घास काटने गई महिला की खाई में गिरकर दर्दनाक मौत, गांव में शोक की लहर

नारायणबगड़: घास काटने गई महिला की खाई में गिरकर दर्दनाक मौत, गांव में शोक की लहर

रिपोर्टर : नवीन चन्दोला
स्थान : नारायणबगड़/ चमोली

विकासखंड नारायणबगड़ के अंतर्गत गडसिर गांव की एक महिला की सोमवार को घास काटते समय गहरी खाई में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान 36 वर्षीय कृष्णा देवी, पत्नी मनवीर सिंह के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृष्णा देवी गांव की अन्य महिलाओं के साथ पटोरी के जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान पैर फिसलने से वह अपना संतुलन खो बैठीं और गहरी खाई में जा गिरीं। हादसा होते ही साथ मौजूद महिलाओं ने गांव में सूचना दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन को जानकारी देकर राहत और बचाव की मांग की।

रेस्क्यू में लगी राजस्व पुलिस और डीडीआरएफ

घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व पुलिस और डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। राहत-बचाव टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर गहरी खाई में उतरकर शव को बाहर निकाला।
उपजिलाधिकारी थराली पंकज भट्ट स्वयं मौके पर पहुंचे और बताया कि महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए उपजिला अस्पताल कर्णप्रयाग भेजा गया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया।

गांव में मातम, सुरक्षा इंतजामों की मांग

इस हृदयविदारक हादसे के बाद गडसिर गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से वन क्षेत्रों में घास काटने जाने वाली महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की है।