

चमोली

त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन चमोली द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिले के 9 विकास खंडों में ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है। वहीं जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन प्रक्रिया जिलाधिकारी कार्यालय, गोपेश्वर में चल रही है।



जिलाधिकारी ने किया व्यवस्थाओं का निरीक्षण
जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में बनाए गए नामांकन केंद्र का स्थलीय निरीक्षण कर संपूर्ण व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।




उन्होंने नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री काउंटर, प्राप्ति केंद्र, एआरओ कार्यालय, नो-ड्यूज प्रमाणपत्र काउंटर, मतदाता सूची वितरण व्यवस्था, मतदान दलों की रवानगी व वापसी स्थल, स्ट्रांग रूम, डिस्पैच सेंटर और मतगणना स्थल सहित तमाम महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।


निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और कुशल प्रबंधन का निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीएम तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी प्रत्याशी को नामांकन में कोई कठिनाई ना हो और सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित ढंग से संचालित हों।

अधिकारियों ने दी जानकारी
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, अर्थ एवं संख्या अधिकारी विनय जोशी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

अपर जिलाधिकारी ने जिलाधिकारी को नामांकन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की।



