ऋषिकेश के गणेश विहार में वेडिंग पॉइंट पर भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने लिया विकराल रूप

ऋषिकेश के गणेश विहार में वेडिंग पॉइंट पर भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने लिया विकराल रूप

स्थान-ऋषिकेश

रिपोर्ट-खुशबू गौतम

ऋषिकेश के गणेश विहार क्षेत्र में शनिवार तड़के करीब 3 बजे एक वेडिंग पॉइंट में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में उसने पूरे वेडिंग पॉइंट को अपनी चपेट में ले लिया और विकराल रूप धारण कर लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। जैसे ही सूचना मिली, पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया।

फायर ब्रिगेड के जवान लगातार आग पर काबू पाने की कोशिशों में जुटे हैं। राहत एवं बचाव कार्य जारी है और क्षेत्र में स्थिति फिलहाल तनावपूर्ण बनी हुई है।

हालांकि अब तक किसी प्रकार की जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए नुकसान की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस घटनास्थल पर मौजूद है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में जुटे
घटना के बाद आसपास के लोग भी राहत और बचाव कार्य में सहायता कर रहे हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों से बचें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

अग्निकांड से जुड़े विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा की जा रही है। प्रशासन द्वारा जल्द ही नुकसान के आकलन और जांच की कार्रवाई शुरू की जाएगी।