

रिपोर्ट : संजय कुंवर
स्थान : बद्रीनाथ धाम


मानसून की दस्तक और हल्के मौसम उतार-चढ़ाव के बावजूद भू बैकुंठ श्री बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है। खुशनुमा मौसम के बीच देश के विभिन्न राज्यों से तीर्थयात्रियों के दल लगातार पहुंच रहे हैं, जिससे धाम में धार्मिक पर्यटन और तीर्थाटन की रौनक बनी हुई है।



मंगलवार, 1 जुलाई को बद्रीनाथ धाम में लगभग 7,500 श्रद्धालु पहुंचे, जबकि कपाट खुलने से अब तक कुल तीर्थयात्रियों की संख्या 11 लाख पार कर चुकी है।


जिलाधिकारी चमोली संदीप तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि बदरीपुरी में तीर्थयात्रा सुगमता से जारी है और प्रशासन द्वारा सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुरक्षा, चिकित्सा, जलपान व मार्ग सुचारूता के साथ की गई हैं।


मौसम के बीच भी नहीं थमी आस्था
बद्रीनाथ धाम में बारिश की फुहारों और बदलते मौसम के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा यात्रा मार्गों पर निगरानी रखी जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।




प्रशासन की तैयारियां
- सभी जरूरी सेवाएं पूरी तरह सक्रिय
- चिकित्सा टीम और आपदा प्रबंधन बल तैनात
- मार्गों की सतत निगरानी
- फूड सेफ्टी और स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम

प्रशासन का कहना है कि आगामी दिनों में श्रावण मास की शुरुआत के साथ श्रद्धालुओं की संख्या और अधिक बढ़ने की संभावना है।

भक्तों की आस्था और प्रशासन की मुस्तैदी से बद्रीनाथ यात्रा 2025 अब तक शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से जारी है।



