


रिपोर्ट,, संजय कुंवर,

बद्रीनाथ/गढ़वाल

प्रदेश में बीते दिनों भारी बारिश के रेड अलर्ट के चलते अस्थायी रूप से 24 घंटे के लिए रोकी गई चारधाम यात्रा अब दोबारा पूरी तरह से सुचारु कर दी गई है। गढ़वाल मंडल आयुक्त के निर्देशों के तहत अब जिलाधिकारी अपने-अपने जिलों में मौसम के मिजाज को देखते हुए यात्रा मार्गों को नियंत्रित करेंगे।



बद्रीनाथ धाम में लौटी रौनक, मौसम सुहावना
भू बैकुंठ नगरी श्री बद्रीनाथ धाम में मौसम खुलने के साथ ही तीर्थयात्रियों की वाहनों के साथ आमद फिर से तेज़ हो गई है।



सुबह से ही धाम में खुशनुमा मौसम बना हुआ है और पतित पावन अलकनंदा नदी का जल स्तर भी अब सामान्य हो गया है। इससे श्रद्धालुओं की आवाजाही में तेजी आई है।



श्रद्धालुओं की बढ़ी आमद, मंदिर परिसर में चहल-पहल
बद्रीनाथ मंदिर के सिंह द्वार, परिक्रमा पथ और मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। कपाट खुलने से अब तक लगभग 10 लाख 82 हजार तीर्थयात्री भगवान श्री बदरीविशाल के दर्शन कर चुके हैं।



स्थानीय कारोबारियों में फिर से उत्साह
चारधाम यात्रा के दोबारा शुरू होने से होटल व्यवसायियों, दुकानदारों, प्रसाद विक्रेताओं और तुलसी माला बेचने वाले स्थानीय युवाओं के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई है। स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों की मंदी के बाद अब व्यापार में गति आई है।


प्रशासन का सतर्क रुख बरकरार
यात्रा दोबारा शुरू जरूर हो गई है, लेकिन प्रशासन अभी भी पूरी तरह सतर्क है। सभी जिलों को निर्देश दिए गए हैं कि स्थानीय स्तर पर मौसम का आंकलन कर ही यात्रा को नियंत्रित किया जाए, जिससे किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।


