


नवीन चन्दोला

थराली/चमोली

क्षेत्र में शनिवार से लगातार हो रही मूसलधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। बारिश का प्रभाव विकासखंड थराली के अंतर्गत आने वाले कुराड़ गांव में भी देखने को मिला, जहां शनिवार रात लगभग 11 बजे जगन्नाथ प्रसाद पुत्र स्वर्गीय कमलापति देवराड़ी के आवासीय भवन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।



हालांकि गनीमत रही कि इस हादसे में किसी भी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई। घटना के समय परिवार के सदस्य सतर्क थे और समय रहते सुरक्षित स्थानों पर चले गए।



दूरभाष पर हुई बातचीत में जगन्नाथ प्रसाद की पत्नी सरिता देवी ने बताया कि उपजिलाधिकारी थराली, पंकज भट्ट ने उन्हें हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।



उन्होंने बताया कि घर के क्षतिग्रस्त हो जाने के बाद परिवार के अन्य सदस्य ग्रामीणों के घरों में शरण लिए हुए हैं, जबकि वह स्वयं और उनकी वृद्ध सास मजबूरी में अपनी ही गौशाला में रह रही हैं।



सरिता देवी ने प्रशासन से शीघ्र राहत और पुनर्वास की मांग की है। गांववासियों ने भी प्रभावित परिवार की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है, लेकिन भारी बारिश के चलते राहत कार्यों में बाधा आ रही है।


प्रशासन की टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण किया है और जल्द ही प्रभावित परिवार को उचित सहायता पहुंचाने का भरोसा दिया है। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से अन्य घरों को भी खतरा बना हुआ है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।


