“तीन साल तक कप्तानी दें शुभमन गिल को” — रवि शास्त्रीपहले टेस्ट में हार के बावजूद शास्त्री ने जताया भरोसा, बोले- हार से नहीं, कप्तानी से बनेगा भविष्य

“तीन साल तक कप्तानी दें शुभमन गिल को” — रवि शास्त्रीपहले टेस्ट में हार के बावजूद शास्त्री ने जताया भरोसा, बोले- हार से नहीं, कप्तानी से बनेगा भविष्य

टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने युवा बल्लेबाज़ और नए टेस्ट कप्तान शुभमन गिल का जोरदार समर्थन किया है। शास्त्री का कहना है कि भले ही भारत को इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़े, लेकिन शुभमन को लगातार तीन साल तक कप्तानी का मौका दिया जाना चाहिए।

गौरतलब है कि रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद शुभमन गिल को भारत की टेस्ट टीम की कमान सौंपी गई। हालांकि, बतौर कप्तान उनका डेब्यू उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया और भारतीय टीम को लीड्स टेस्ट में इंग्लैंड के हाथों 5 विकेट से हार झेलनी पड़ी। इसके साथ ही पांच मैचों की सीरीज में भारत 0-1 से पीछे हो गया है।

बल्ले से किया दमदार प्रदर्शन
हालांकि कप्तानी में पहली हार के बावजूद शुभमन गिल ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने भारत की पहली पारी में शानदार शतक जड़ा और अपने डेब्यू टेस्ट मैच में कप्तान के तौर पर शतक लगाने वाले भारत के पांचवें खिलाड़ी बन गए।

शास्त्री का बड़ा बयान
रवि शास्त्री ने कहा, “कभी-कभी भविष्य की योजना बनाते हुए शुरुआती असफलताओं को नजरअंदाज करना चाहिए। शुभमन गिल में लीडरशिप की काबिलियत है। उसे कम से कम तीन साल तक कप्तानी का मौका मिलना चाहिए, चाहे इस सीरीज में टीम को हार क्यों न मिले।”

शास्त्री के इस बयान को एक लंबी अवधि की सोच और युवा नेतृत्व पर भरोसे के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि शुभमन जैसे खिलाड़ी को समय देने से भारत को भविष्य में एक मजबूत कप्तान मिल सकता है।

एजबेस्टन में होगी अगली परीक्षा


अब सीरीज का दूसरा टेस्ट मुकाबला 2 जुलाई से बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेला जाएगा, जहां गिल की अगुवाई में टीम इंडिया सीरीज में वापसी की कोशिश करेगी।