


देहरादून

उत्तराखंड में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंकने की तैयारी कर ली है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने की।



बैठक में पंचायत से लेकर जिला पंचायत चुनाव तक की व्यापक रणनीति पर मंथन किया गया। कांग्रेस ने आगामी पंचायत चुनावों को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश के 12 जिलों में प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं, जिन्हें चुनाव संचालन की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है।



इन नेताओं को सौंपा गया जिला प्रभारी का दायित्व:
- चंपावत – महेंद्र सिंह पाल (पूर्व सांसद)
- बागेश्वर – महेंद्र सिंह लूंठी
- अल्मोड़ा – धीरेन्द्र प्रताप
- पिथौरागढ़ – भगीरथ भट्ट (प्रदेश उपाध्यक्ष)
- नैनीताल – संजीव आर्या (पूर्व विधायक)
- उधमसिंह नगर – रणजीत सिंह रावत (पूर्व विधायक)
- टिहरी – सूर्यकांत धस्माना (प्रदेश उपाध्यक्ष, संगठन)
- उत्तरकाशी – मंत्री प्रसाद नैथानी (पूर्व मंत्री)
- रुद्रप्रयाग – विक्रम सिंह नेगी (विधायक)
- देहरादून – वीरेंद्र जाती (विधायक)
- चमोली – प्रदीप थपलियाल
- पौड़ी – लखपत बुटोला (विधायक)

प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पंचायत चुनाव को आम जनता से सीधे जुड़ने का एक बड़ा अवसर मान रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनसंपर्क करेंगे और सरकार की विफलताओं को उजागर करेंगे।


बैठक में तय किया गया कि सभी जिला प्रभारी जल्द ही अपने-अपने जिलों में बैठकें कर संगठन को सक्रिय करेंगे और स्थानीय मुद्दों को आधार बनाकर चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देंगे।



