गुलदार पकड़ाया, रानीबाग क्षेत्र में दहशत का अंत – वन विभाग ने की पुष्टि

गुलदार पकड़ाया, रानीबाग क्षेत्र में दहशत का अंत – वन विभाग ने की पुष्टि

हल्द्वानी

रानीबाग के समीप मोरा दोगड़ा क्षेत्र में लोगों पर हमले कर दहशत फैलाने वाला गुलदार आखिरकार वन विभाग के लगाए गए पिंजरे में कैद हो गया है। हाल ही में पुष्पा देवी नामक एक महिला पर हुए जानलेवा हमले के बाद से यह गुलदार सुर्खियों में था। ग्रामीणों के लिए राहत की खबर है कि अब यह गुलदार वन विभाग की निगरानी में है।

वन विभाग की टीम ने कई दिनों तक इलाके में निगरानी रखी और लगातार प्रयासों के बाद इस खतरनाक गुलदार को पकड़ने में सफलता हासिल की। गुलदार को पकड़ने के बाद उसे सुरक्षित स्थान पर रखा गया है

और उसका चिकित्सकीय परीक्षण किया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय होगा कि गुलदार को ‘आदमखोर’ घोषित किया जाएगा या नहीं।

इस घटना के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, लेकिन साथ ही उन्होंने वन विभाग से मांग की है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी समाधान निकाला जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि जंगलों से सटे क्षेत्रों में वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही चिंता का विषय बनती जा रही है।

वन विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई जाएगी और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।